देहरादून। ओल्ड डालनवाला में शनिवार को 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किराये के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डालनवाला थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि शनिवार को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कनक सुजुकी के पास एक किराये के कमरे में महिला फंदे से लटकी हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि बलिया निवासी आकाश पटेल ने फोन कर खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बताया था। उसने बताया कि उसकी महिला मित्र अमृता (33) फोन नहीं उठा रही है।
इसके बाद मकान मालकिन ने अन्य किरायेदारों को जानकारी दी। कमरे में अमृता पंखे से लटकी मिली। लोगों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।