ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर गरुड़चट्टी पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के वक्त दंपति बाइक के जरिए धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उछलकर सड़क पर आ गिरे
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर संजय निवासी ब्रह्मपुरी हरिद्वार पत्नी बबीता के साथ बाइक पर नीलकंठ दर्शन के लिए जा रहे थे। गरुड़चट्टी के पास अचानक मोड़ पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
दंपति उछलकर कर सड़क पर जा गिरे। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा ने दोनों को जख्मी हालत में सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत करार दिया।
अभी तहरीर नहीं
लक्ष्मण झूला थाने के एसएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि महिला का शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।