स्वाइन फ्लू ने उत्तराखंड में एक और जान ले ली। देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को यह जानकारी दी है।
देवप्रयाग (टिहरी) निवासी 42 वर्षीय आशा को 11 फरवरी को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन इंस्टीट्यूट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाइन फ्लू के प्राथमिक लक्षण मिलने पर 12 फरवरी को अस्पताल ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के जरिये सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा था। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
इस बीच हालत बिगड़ने पर महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया था। शनिवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसपी अग्रवाल ने बताया कि टिहरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी इसकी सूचना दे दी गई है, ताकि महिला के परिजनों की भी स्वास्थ्य जांच कराई जा सके।
बताया जा रहा है कि आशा इसी माह शुरुआत में देवप्रयाग से एक शादी में शामिल होने के लिए ऋषिकेश आई थीं। आशंका जताई जा रही है कि इस विवाह समारोह के दौरान ही स्वाइन फ्लू का संक्रमण हो गया।