- सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला, आरोपी के कब्जे से 56 हजार रुपये बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के नरमा गांव निवासी विभा देवी (45) को सेलाकुई थाना पुलिस ने क्लीनिक के गल्ले से रुपये चोरी करने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला भाऊवाला स्थित क्लीनिक में झाड़ू-पोछा करने का काम करती थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तिलवाड़ी पुल के पास स्थित झोपड़ी से चोरी की 56 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि भाऊवाला स्थित ठाकुर क्लीनिक के संचालक राजेश्वर सिंह निराला ने शिकायत दी थी कि क्लीनिक में झाड़ू-पोछा करने वाली विभा देवी गल्ले से रुपये चोरी कर रही थी। शिकायत के आधार पर 16 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। क्लीनिक संचालक के मुताबिक, महिला करीब एक साल से वहां काम कर रही थी और पिछले तीन-चार माह से गल्ले से रुपये गायब हो रहे थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में महिला चोरी करती दिखाई दी। 21 अक्तूबर को गल्ले में 12,500 रुपये कम मिले थे। पुरानी रिकॉर्डिंग में भी वह करीब 18 दिन चोरी करती नजर आई।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर नकदी बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।