जीवन में सपने देखने वाले ही जिंदगी में आगे बढ़ते हैं। ऐसे में जीवन में हर व्यक्ति को सपने देखना चाहिए। जो व्यक्ति सपने देखतो है उसे पूरा करने के लिए वह प्रयास करता है और जीवन में सफल भी होता है। 8सम्मान करने से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही नई ऊर्जा मिलती है। ऐसे में कला, साहित्य, विज्ञान, नवाचार, उद्यम, चिकित्सा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वालों को सम्मानित करने के लिए सामाजिक संस्थाओं को आगे आना चाहिए। उक्त बातें कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कही। कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत डेवलपमेंट इन रूरल एंबोसमेट एंड मोटिवेशन सोसाइटी ड्रीम्स ) की ओर से आयोजित हीरा- अवार्ड 2021 में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कला , साहित्य, पत्रकारिता, महिला उत्थान, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा, के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 लोगों को स्मृति चिन्ह व शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। कैबिनेट मंत्री डॉ.रावत ने सम्मानित करने वालों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे युवाओं व लोगों से हम सबकों को प्रेरणा लेनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि एक दूसरे को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना चाहिए। इतना ही नहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने उल्लेखनीय कार्यो के लिए सम्मानित करने को लेकर ड्रीम्स संस्था के प्रयासों की भी जमकर सराहना की।
समारोह में सांसद नरेश बंसल ने कहा कि अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी ड्रीम्स संस्था से प्रेरणा लेते हुए समाज, देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए आगे आना चाहिए। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष गंभीर सिंह जयाड़ा व महासचिव दीपक नौटियाल ने संस्था की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष गंभीर सिंह ज्याड़ा, उपाध्यक्ष राकेश मैठाणी, महासचिव दीपक नौटियाल, सहसचिव रश्मि रावत, कोषाध्यक्ष दिनेश नेगी, आरजे काव्य, वेदराम रावत, जुगनानंद नौटियाल, आलोक मलासी, आशीष अमोली, संगीता वाजपेयी, शीतल जोशी, खिलाड़ी एस सुरेश, अनिल सती, सिद्धार्थ बंसल, केसर बिष्ट समेत कई उपस्थित थे।
हीरा-अवार्ड 2021 के लिए इन्हें किया गया सम्मानित
शिव पैन्यूली को कला एवं साहित्य, सतीश शर्मा को पत्रकारिता, शीतल गौड़ को युवा उद्यमी, अनुकृति गुसाई को महिला उद्यमिता, वैभव गोयल को उद्यम, जय प्रकाश अमोला को उद्यम, समाजसेवा : डॉ. चंडी प्रसाद पैन्यूली (मरणोपरांत) को शिक्षा, राम चंद्र भट को समाजसेवा, मुकेश नौटियाल को शिक्षा, वासु परविंदा को समाजसेवा, अरूण चमोली को स्किल डेवलपमेंट, कवींद्र सिंह मेेहता, आरजे काव्या, रमेश पेटवाल, दीपक को छानी प्रोजेक्ट, शशीभूषण भट्ट, विनोद मुसान, केदार दत्त, अफजाल अहमद, चांद मोहम्मद को पत्रकारिता, सुनील नवप्रभात, रवि कैंतुरा, दीपक उपाध्याय, मनवर रावत, अवधेश नौटियाल, आरती नेगी, कोरोना योद्धा डॉ. एसडी जोशी, वीकेएस नेगी, राकेश विजल्वाण को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
फटी जींस अमीरियत की परिचायक : डॉ. हरक सिंह रावत
हीरा अवार्ड - 2021 में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने फटी जींस का जिक्र किया। कहा कि पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने फटी जींस को लेकर बयान क्या दिया, बवाल हो गया। मै अगर फटी जींस पहन लूं तो विवादों में आ जाऊंगा। जबकि हकीकत यह है कि फटी जींस आज की तारीख में अमीरियत की परिचायक है। बचपन के दिनों को याद करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने बचपन में खाकी हाफ पैंट पहना। जब कई बार हाफ पैंट कहीं से कट गई तो उसमें तल्ला लगा लिया। उस दौर में फटे कपड़े पहनना गरीबी की निशानी थी। जबकि आज फटी जींस पहनना अमीरियत की पहचान है। हकीकत यह है कि फटी जींस सामान्य जींस से महंगी आती है।