जंगली सुअरों ने गांव में घुस कर तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया।
टिहरी के प्रतापनगर ब्लॉक में रौणद रमोली के ग्राम भैंतला और पुजार गांव में जंगली सुअरों ने गांव में घुस कर तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया।
उन्हें सीएचसी चौंड में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शुक्रवार सुबह गाडाखाल के जंगल से आठ-दस जंगली सुअरों का एक झुंड भैंतला गांव में घुस गया। उन्होंने खेतों में काम कर रहे प्रताप सिंह पुत्र जबर सिंह, पुजारगांव की कमली देवी और हीरामणी को हमला कर जख्मी किया।
ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन दरोगा बीडी आर्य और उनकी टीम ने एक सुअर को मार गिराया।
भैंतला की प्रधान रामी देवी और सुरेश आर्य ने विभाग से घायलों को मुआवजा देने की मांग की है। रेंज अधिकारी बीडी तिवाड़ी ने कहा कि घायलों को मानक के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।