युवक की आत्महत्या केे मामले में उसकी पत्नी व ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत ओएन तिवारी निवासी शिव विहार महारानीबाग बल्लूपुर ने की है। तिवारी के बेटे साकेत कुमार की शादी 2018 में हुई थी। आरोप लगाया कि साकेत को उसकी पत्नी व उसके ससुराल वाले तरह-तरह से परेशान करते थे। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। बताया कि कई बार बहू सहित उसके परिवार वालों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। इसके अलावा भी कई आरोप लगाए गए, जिससे साकेत तनाव में आ गया। गत 10 जून को बेटे राकेश तिवारी के फोन पर साकेत ने फोन किया और बताया कि प्रताड़ित होने की वजह से उसने जहर खा लिया है।
साकेत को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वसंत विहार पुलिस के अनुसार तिवारी की शिकायत पर साकेत की पत्नी पूजा राणा व अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।