निर्मल विरक्त कुटिया को लेकर सीएम हरीश रावत पर हमला बोलने वाले पूर्व सांसद व भाजपा नेता सतपाल महाराज ने एक बार फिर से कटाक्ष किया है। प्रेस को जारी बयान में पूर्व सांसद ने कहा कि सीएम नार्को टेस्ट की उनकी चुनौती को भला स्वीकार क्यों नहीं कर रहे हैं।
बयान में सतपाल महाराज ने कहा कि सीएम आमजन को भ्रमित कर रहे हैं। यदि सीएम धार्मिक संपत्तियों को हड़पने का प्रयास नहीं कर रहे हैं तो वे नार्को टेस्ट की चुनौती स्वीकार करते हुए उच्च स्तरीय जांच कराएं। सीएम का कार्य किसी पर आरोप लगाना नहीं है बल्कि सच्चाई आमजन के सामने लाना है।
उन्होंने चुनौती दी कि वे किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं, सीएम उनका इस प्रकरण को उठाने में रत्ती भर भी स्वार्थ शामिल होने की बात साबित करके दिखाएं। पूर्व सांसद बोले कि सीएम ने यह कहा है कि वह भूमि को हड़प नहीं रहे थे, बल्कि सरकार में निहित कर रहे थे। यदि वास्तव में ऐसा है तो सरकार उजागर करें कि उन्होंने यह निर्णय कब लिया और इससे जुड़े अभिलेखों को सार्वजनिक करें।