पर्यटन नगरी का तमगा पहने पौड़ी शहर के हालात अब दीवारों पर चिपके पोस्टर भी बयां करने लगे हैं। लेकिन जिम्मेदारी संभालने वाली सरकारी मशीनरी और सामाजिक संगठन गांधी जी के तीन बंदरों की भूमिका में हैं।
इन्हें न तो शहर की बदहाली दिख रही है, न शहरवासियों की आवाज इनके कानों तक पड़ रही है। समस्या पर बोलने को भी कोई तैयार नहीं है।
संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा
एक पखवाड़े से शहर में कचरा न उठाए जाने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। सामाजिक सरोकारों की बात करने वाले संगठनों और बुद्धिजीवियों की भूमिका भी ढ़ोंग ही साबित हो रही है।
अब जनता का गुस्सा दीवारों पर चस्पा पोस्टरों में दिखने लगा है। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास चस्पा किया गया पोस्टर व्यवस्थाओं की पोल खोल रहा है। पोस्टर में लिखा गया है ‘सांस्कृतिक एवं पर्यटन नगर पौड़ी में आपका स्वागत है। बस नाक बंद करके आयें’।