देहरादून में बुधवार का दिन इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। बीते छह दिन में दून के तापमान में 5.1 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, आज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी का अहसास तेजी से बढ़ रहा है। कई दिन मौसम शुष्क रहने की वजह से राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 17 मार्च को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री था जो 22 मार्च को 5.1 डिग्री बढ़कर 31.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। राजधानी में भी बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश के आसार हैं। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
इस तरह बढ़ा तापमान
22 मार्च - अधिकतम : 31.8
21 मार्च - अधिकतम : 30.4
20 मार्च - अधिकतम : 28.3
19 मार्च - अधिकतम : 28.5
18 मार्च - अधिकतम : 27.1
17 मार्च - अधिकतम : 26.7