एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। देहरादून में रविवार तड़के से ही घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी के भी आसार हैं।
शनिवार को सुबह आसमान खुला होने से तेज चटख धूप निकली। इससे पारे में भी करीब आठ डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दोपहर बाद अचानक बादलों का आगमन हो गया। हल्की हवाओं ने शाम तक मौसम में ठंडक बढ़ा दी।
48 घंटे तक रहेंगे बादल
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. आनंद शर्मा के मुताबिक प्रदेश में शनिवार की शाम पांच बजे से नौ मार्च को शाम तक यानी अगले 48 घंटे बादल और बारिश का राज रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गढ़वाल क्षेत्र के अनेक स्थानों में तथा कुमाऊं के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ही बर्फ पड़ सकती है।
उत्तरकाशी विशेषकर भागीरथी की घाटी और चमोली जिले में कहीं-कहीं अपेक्षाकृत भारी वर्षा के साथ ही बर्फ पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ
प्रदेश के 2500 से 3500 मीटर ऊंचाई वाले स्थानों में एक से दस सेंटीमीटर तक और 3500 से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में पांच से 20 सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ने की संभावना है।
राजधानी दून में रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर तेज और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अगले 48 घंटे तक सक्रिय रहेगा। इसके बाद हालात सामान्य होने के आसार हैं।