उत्तराखंड में मौसम पर पश्चिमी विक्षोभ के बाद मंगलवार को आंधी का भी असर नजर आया।
कई
इलाकों में मंगलवार शाम को तेज झक्कड़ के साथ बूंदाबांदी हुई। बुधवार को
जहां राजधानी दून में मौसम बादलों वाला रहेगा तो दूसरी ओर चारधाम यात्रा
मार्ग पर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में
मंगलवार शाम को रिमझिम बारिश से ठंड बढ़ गई है।
मंगलवार को मौसम के
अलग-अलग रंग देखने को मिले। सुबह बादलों के बीच हल्की धूप निकली तो गर्मी
में बढ़ोतरी हुई, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादलों का आगमन हो गया। राजधानी
दून में शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज आंधी आई। इस वजह से कई जगह टूट-फूट भी
हुई।
प्रेमनगर में पेड़ टूटने से सरकारी अस्पताल की दीवार गिर गई।
कई और जगहों पर पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं। हल्की बूंदाबांदी ने
मौसम में ठंडक ला दी। उधर, प्रदेश के चारधाम यात्रा रूट पर भी कई जगहों पर
हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि
बुधवार को केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में
मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी नहीं है।
लिहाजा यात्री आराम से जा सकते
हैं। प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की से भी हल्की बारिश और झक्कड़ आ
सकता है। जबकि राजधानी दून में बुधवार को बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ
जगहों पर हल्की बारिश भी आ सकती है।
मसूरी में बारिश के बाद मौसम
खुशनुमा हो गया। पर्यटकों ने मौसम का जमकर लुत्फ उठाया। मंगलवार शाम करीब
साढ़े चार बजे से लेकर पांच बजे तक रिमझिम बारिश हुई। मौसम खुशनुमा होने से
रात के समय मालरोड पर खूब चहल-पहल नजर आई।