पिथौरागढ़ में दो दिन साफ रहने के बाद मौसम का मिजाज गुरुवार को फिर बदल गया। गुरुवार दोपहर बाद आसमान में बादल छाये रहे। इस दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्का हिमपात हुआ। इससे निचले इलाकों में फिर से ठिठुरन बढ़ गई।
गुरुवार को सुबह मौसम साफ था। दोपहर के बाद आसमान में बादल छाने लगे। मुनस्यारी और धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्का हिमपात हुआ। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात और अन्य हिस्सों में बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे ठिठुरन बढ़ गई।
लोगों को ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ा। मुनस्यारी और डीडीहाट सहित जिले के अन्य हिस्सों में काफी ठंड महसूस की गई। गुरुवार की सुबह पाला भी गिरा था। इससे सुबह के समय काफी ठंड महसूस की गई। बता दें कि मंगलवार और बुधवार को दिन में तेज धूप होने से मौसम काफी खुशनुमा हो गया था।
केदारनाथ, मद्महेश्वर व तुंगनाथ समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। गुरुवार सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ मौसम का मिजाज कई बार बदलता रहा। दोपहर बाद कई जगहों पर घने बादल छाने के साथ बारिश के आसार भी बने। उधर, केदारनाथ समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। केदारनाथ में पहले से ही पांच फीट से अधिक बर्फ जमा है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से बढ़ी ठंड
हरिद्वार के न्यूनतम तापमान में एक ही दिन में एक डिग्री से अधिक की कमी आने पर मौसम में ठंडक बढ़ गई। हालांकि, दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत भी मिली। वहीं शाम ढलते ही सर्द हवाएं चलने से लोगों को जल्द घरों में दुबकने को मजबूर होना पड़ा।
बुुधवार को सुबह से ही आसमान साफ होने से दिनभर धूप खिली रही। गुरुवार को धूप दिन में धूप खिलने से लोगों को काफी राहत महसूस हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.2 से बढ़कर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इससे एक ही दिन में 2.2 तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी 1.2 डिग्री की गिरावट एक ही दिन में दर्ज की गई। क्योंकि बुधवार को जहां तापमान 4.2 था वह बृहस्पतिवार को 3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में कमी आने से ठंड का असर धूप खिलने के बावजूद दिन में बना रहा।
रितु आलोक शाला बहादराबाद के शोध पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने बताया कि गुरुवार को तापमान में गिरावट आने की पहले से ही संभावना जताई गई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मौसम और सर्द हो सकता है। कोहरा और हल्के बादल छाए रहने का अनुमान भी लगाया जा रहा है।