डीडीहाट के खेतार कन्याल में बारिश से एक दर्जन पेयजल लाइनें ध्वस्त हो गईं। यहां पांच मकान पूर्ण रूप से ध्वस्त हो गए हैं। प्रभावितों ने पड़ोसियों के वहां शरण ले रखी है। चंपावत जिले में टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौन-स्वांला के बाद अब बाराकोट के सिंगदा की पहाड़ी नई मुसीबत बनकर आई है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सिंगदा के पास पहाड़ी का एक हिस्सा दरक ने से छह घंटे यातायात ठप रहा। करीब 11:30 बजे एनएच से मलबा हटाया जा सका। लगातार हो रही बारिश से बागेश्वर जिले में चिड़ंग गांव में एक मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त जबकि शौचालय ध्वस्त हो गया। बुधवार की शाम को 11 केवी की लाइन के कई पोल भूस्खलन से ढहने से 24 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।