प्रदेशभर में शनिवार सुबह से ही मौसम ने करवट ले ली। देहरादून समेत सभी जिलों में दिनभर बादल छाने से ठंड में खासा इजाफा हुआ। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को पांच जिलों में हिमपात की चेतावनी जारी की।
शनिवार को दिनभर धूप नजर नहीं आई। बादल छाने से तापमान में कमी दर्ज की गई। कई पर्वतीय जिलों में हिमपात भी हुआ। वहीं, मैदानी इलाकों में दोपहर तक भी कोहरा छाया रहा। अगले तीन दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर में हिमपात होने की संभावना है। पांचों जिलों में चेतावनी जारी कर दी गई है। मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ेगी। शनिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 19.4 व न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें: Mussoorie: बर्फबारी के बाद जानलेवा बना पाला, फिसलकर एक दूसरे पर गिरीं पर्यटकों की कार, तस्वीरें...
बदरी-केदार में बर्फबारी, शीतलहर से घरों में दुबके लोग
शनिवार को मौसम दिनभर खराब रहा और बदरी-केदार समेत हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, फूलों की घाटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे।
बर्फबारी के कारण जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। घाट, नंदप्रयाग, चमोली, पीपलकोटी, जोशीमठ, गोपेश्वर, गैरसैंण, देवाल, थराली, पोखरी क्षेत्रों में शीतलहर चलने से लोग घरों में दुबके रहे।
वहीं द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ में हल्की बर्फबारी हुई है। दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। त्रियुगीनारायण, तोषी, गौंडार व चिरबटिया के ऊपरी क्षेत्रों में भी बर्फ गिरी, लेकिन जम नहीं पाई।
इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। ऐसे में कोरी ठंड का प्रकोप अधिक बना रहा।