देहरादून। रायपुर रोड व चूना भट्टा क्षेत्र में बीते दो दिनों से लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। लोग निजी टैंकरों से पानी मंगाकर काम चला रहे हैं। शिकायत के बाद भी जल संस्थान इस तरह की किसी भी परेशानी से इनकार कर रहा है। उधर, स्मार्ट सिटी कार्य के दौरान न्यू रोड पर भी पानी की लाइन टूटी हुई है। इससे लोगों के घरों में गंदा पानी आ रहा है।
रायपुर निवासी अनिल कुमार गुप्ता के अनुसार उनके क्षेत्र में पानी की लाइन टूटी हुई है। इससे दो दिन से घरों में पानी नहीं आ रहा है। लोग निजी टैंकरों और इधर-उधर से किसी तरह से पानी का जुगाड़ कर रहे हैं। चूना भट्टा क्षेत्र में भी बीते दो दिन से पानी नहीं है।
पूर्व विधायक राजकुमार ने बताया कि एमकेपी न्यू रोड पर लोगों के घरों में गंदा पानी आने की शिकायत है। यहां स्मार्ट सिटी की ओर से रात का सड़क खोदने के दौरान पेयजल लाइन टूट गई है। इससे पानी सड़क पर बह रहा है। इस संबंध में जलसंस्थान व स्मार्ट सिटी से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। स्मार्ट सिटी के कार्यों में विभागों में आपसी तालमेल की कमी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही विभागों ने आपसी तालमेल के साथ काम नहीं किया तो विभागों का घेराव किया जाएगा। इस संबंध में जलसंस्थान के ईई का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।