ग्राम पंचायत शेरपुर में स्वजल योजना के तहत बनाए गए नलकूप की मोटर छह दिन पहले फूंक गई थी। इसके चलते कई इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप है। लोग अपने खर्च पर पानी का टैंकर मंगवाकर प्यास बुझा रहे हैं।
स्थानीय निवासी संजय दत्त भट्ट, लाल सिंह, उत्तम सिंह, लक्ष्मण सिंह, कार्तिक, गौतम, सुभाष पाल बताया कि ग्राम पंचायत शेरपुर में आने वाले मजरे मालूपचंद, भीमपुरा, कोठी, डाली पुरिया, बांसोंवालिये, भारूवाला, जुडलीए में कई परिवारों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि शेरपुर में 700 परिवार निवास करते हैं। इनमें से अधिक लोगों के घरों में स्वजल लाइन से ही सप्लाई दी गई है। बताया कि इनमें से अधिकतर ग्रामीण पशु भी पालते है। ऐसे में ग्रामीण अपने पशुओं को भी पानी नहीं पिला पा रहे हैं। बताया कि 500 रुपये खर्च कर टैंकर मंगवाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
ग्राम प्रधान नजराना नाज ने बताया कि नलकूप की मोटर बनकर आ चुकी है। मोटर जल्द लगा दी जाएगी। ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।