सहिया में सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग पर लोनिवि कर्मियों का घेराव करते ग्रामीण।
- फोटो : VIKAS NAGAR
मुख्य बाजार में अमलावा नदी के किनारे बने मकानों के नीचे सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग पर लोगों ने लोनिवि के सहायक अभियंता और अवर अभियंता का घेरा कर हंगामा किया। अवर अभियंता पंकज बडोनी ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत कराया। उन्होंने ग्रामीणों को पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया है।
मालूम हो कि वर्तमान में लोनिवि मुख्य बाजार में अमलावा नदी पर नए सिरे से पुल निर्माण कार्य करवा रहा है। बरसात में पुल के फाउंडेशन निर्माण के लिए खोदी गई जमीन से नदी किनारे बने मकानों के ऊपर भूस्खलन का खतरा खड़ा हो गया था। भविष्य में खतरे की आशंका को देखते हुए लंबे समय से लोग घरों के पास सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन, इस ओर विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे थे। बृहस्पतिवार को सहायक अभियंता अनूप उनियाल और अवर अभियंता पंकज बडोनी निर्माण कार्य की प्रगति जानने के लिए मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका घेराव कर जमकर हंगामा काटा। इस दौरान अवर अभियंता ने ग्रामीणों को पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सुरक्षात्मक कार्य कराने का भरोसा दिलाया।
घेराव करने वालों में सरदार सिंह तोमर, सुंदर सिंह तोमर, अजब सिंह तोमर, सुनील सिंह चौहान, गोपाल सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह चौहान, महेंद्र सिंह तोमर, पंकज जैन आदि शामिल रहे।