ग्राम कुंजा के पास एक हिरन बल्लूपुर-पांवटा फोरलेन पर आवाजाही कर रहे वाहन सवाराें को दिखाई दिया। हिरन के घायल होने के कारण वाहन सवारों ने अपने वाहन रोककर उसे पकड़ लिया।
बल्लूपुर-पांवटा फोरलेन पर एक घायल हिरन के आ जाने से क्षेत्र में कौतुहल की स्थिति उत्पन्न हो गई। मार्ग पर चल रहे वाहन सवारों ने अपने वाहन रोककर हिरन को अपने कब्जे में करके घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने हिरन को अपने कब्जे में ले लिया। घायल हिरन का उपचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
घटनाक्रम के मुताबिक, मंगलवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे ग्राम कुंजा के पास एक हिरन बल्लूपुर-पांवटा फोरलेन पर आवाजाही कर रहे वाहन सवाराें को दिखाई दिया। हिरन के घायल होने के कारण वाहन सवारों ने अपने वाहन रोककर उसे पकड़ लिया और उन्होंने इस दौरान मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों के माध्यम से वन विभाग को घटना की सूचना प्रेषित कराई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने हिरन को अपने कब्जे में लेकर उसका उपचार शुरू कर दिया। रेंजर पंकज ध्यानी ने बताया घायल हिरन काकड़ प्रजाति का है जो जंगल से गांव की ओर आ गया होगा। उन्होंने बताया प्रथम दृष्टया बाग व खेतों में लगाए जाने वाले कंटीले तार में उलझकर उसके घायल होने की संभावना प्रतीत हो रही है। हिरन को उपचार के बाद सुरक्षित तरीके से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।