फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजय हजारे ट्रॉफी 2018 : पहले मुकाबले में उत्तराखंड को बिहार ने हराया

Thu, 20 Sep 2018 12:59 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
क्रिकेट डेमो फोटो
विज्ञापन

पहली बार बीसीसीआई की घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को उतरी टीम उत्तराखंड को बिहार के हाथों पांच विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। उत्तराखंड के अतिथि बल्लेबाज विनीत सक्सेना को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और पूरी टीम 43.2 ओवर में 160 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में खेलने उतरी बिहार की टीम ने 37.3 ओवर में 163 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया। 

विज्ञापन


आनंद, गुजरात के बल्लभ विद्यानगर मैदान में बृहस्पतिवार को बिहार ने टॉस जीतकर उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। ओपनिंग करने उतरे करणवीर ने तेज शुरुआत की और आठ गेंदों में तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाए। इसी स्कोर पर अनुनय सिंह ने उन्हें बोल्ड कर दिया। दूसरे छोर से विनीत सक्सेना ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी की और 127 गेंदों में 57 रन बनाए। इसके बाद उत्तराखंड ने तेजी से विकेट गवां दिए। अनुनय सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी।

अनुनय ने करणवीर के बाद वैभव सिंह (2) और विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ रावत (0) को भी आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान रजत भाटिया  भी बहुत देर तक नहीं टिक पाए और 13 गेंदों में छह रन बनाकर कादरी की गेंद पर बोल्ड हो गए। हालांकि दीपक धपोला के 38, वैभव भट्ट के 16 और मयंक मिश्रा के 11 रनों की बदौलत टीम 160 रन बनाने में कामयाब रही। बिहार के अनुनय सिंह व एस कादरी ने तीन-तीन, दीवान खान ने दो और कप्तान प्रज्ञान ओझा व केशव कुमार ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरे बिहार के ओपनर विकास रंजन (79) और आशीष सिन्हा (16) ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। आशीष को वैभव भट्ट और विकास को मयंक मिश्रा ने रन आउट किया। इसके बाद बाबुल कुमार (15), केशव कुमार (33) और रहमतुल्लाह (8) की पारियों की बदौलत बिहार ने 37.3 ओवर में 163 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। उत्तराखंड के सनी राणा, मलोलन रंगराजन और मयंक मिश्रा ने एक-एक विकेट चटकाया। 
विज्ञापन


आज पुडुचेरी से होगा मुकाबला
प्रतियोगिता में आज उत्तराखंड का मुकाबला पुडुचेरी की टीम से होगा। यह मुकाबला भी आनंद, गुजरात के बल्लभ विद्यानगर स्थित शास्त्री मैदान में खेला जाएगा। टीम का अगला मुकाबला 24 सितंबर को नागालैंड से होगा। 

विज्ञापन

उत्तराखंड की टीम

उत्तराखंड क्रिकेट के लिए बृहस्पतिवार की तारीख ऐतिहासिक साबित रही। राज्य गठन के 18 वर्ष बाद पहली बार उत्तराखंड की टीम ने बीसीसीआई की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

टीम का दूसरा मुकाबला पुडुचेरी से होना है। 15 सदस्यीय टीम में तीन अतिथि खिलाड़ी रजत भाटिया, विनीत सक्सेना और मलोलन रंगराजन के अलावा उत्तराखंड के वैभव भट्ट, करणवीर कौशल, मयंक मिश्रा, वैभव पंवार, सनी राणा, धनराज शर्मा, सौरभ रावत, शुभम नौटियाल, दीपक धपोला, सौरभ चौहान, विजय जेठी और आर्य सेठी शामिल हैं। 

बीसीसीआई ने भास्कर पिल्लई को कोच और प्रशांत पुजारा को ट्रेनर नियुक्त किया है। वहीं, डैनी परेरा को फिजियोथेरेपिस्ट और दीपक मेहरा को टीम मैनेजर बनाया गया है।
 
विजय हजारे ट्रॉफी 2018 का आगाज बुधवार से हुआ। पहले दिन के मुकाबले में कुल 10 मैच खेले गए। इस मुकाबले में ग्रुप ए और बी से तीन-तीन, जबकि ग्रुप सी से दो मैच को बारिश के कारण रद्द कर दिया गाय। इस ग्रुप में एक ही मैच खेला गया। वहीं, प्लेट ग्रुप में तीन मैच खेले गए। 50 ओवर के इस टूर्नामेंट में चार ग्रुप में अलग-अलग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पृथ्वी शॉ ने 98 रन बनाए। शुबमन गिल ने शतक जमाया। अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर ने भी अर्धशतकीय पारियां खेली। युवराज सिंह ने पंजाब के लिए 48 रन बनाए लेकिन यूपी के लिए सुरेश रैना फ्लॉप रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें