शहीद दिवस के मौके पर उत्तराखंड सरकार ने शहीदों के आश्रितों को तोहफा दिया है। अब ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले सैनिकों और अर्द्धसैनिकों के आश्रितों को सरकार शैक्षिक योग्यता के आधार पर रोजगार देगी।
शनिवार को विजय दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने यह घोषणा की। उन्होंने 1971 युद्ध में हिस्सा लेने वाले सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। शनिवार को गांधी पार्क में विजय दिवस कार्यक्रम में उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि 16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना ने अपने पराक्रम से पाकिस्तान के 90 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया था। जिसके चलते बांग्लादेश का नए राष्ट्र के रूप में उदय हुआ।