देहरादून। राजपुर रोड पर चलती कार से पिस्टल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन युवकों शशांक कुमार और अक्षय कुमार, निवासी डीएल रोड, डालनवाला और अर्पित गुप्ता, निवासी सीमेंट रोड, डालनवाला को हिरासत में लिया है। पुलिस की जांच में वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली पिस्टल नहीं, बल्कि खिलौना निकला। युवक इसे दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे। आरोप है कि सड़क पर रौब दिखाने के लिए उन्होंने कार से बाहर खिलौना पिस्टल लहराई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार युवक सड़क पर चलते हुए कार की खिड़की से बाहर तमंचे जैसी वस्तु लहराता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन होने से लोगों में डर और असुरक्षा की स्थिति पैदा होने की आशंका थी। वीडियो सामने आने के बाद देहरादून के एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलने के बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार का पंजीकरण नंबर ट्रेस किया। इसके बाद वाहन स्वामी की जानकारी जुटाकर कार सवार युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल खिलौना है, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे। पुलिस ने भी जांच में हथियार के खिलौना होने की पुष्टि की।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि खिलौना पिस्टल होने के बावजूद सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह उसे लहराना गैर-जिम्मेदाराना आचरण है। इससे राह चलते लोग भ्रमित हो सकते हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर अनावश्यक भय का माहौल बन सकता है। सोशल मीडिया पर रील बनाने या प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।