देहरादून। ब्रिडकुल में निर्माण कार्यों के आवंटन, गुणवत्ता और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में शुक्रवार को सुराज सेवा दल ने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने और स्थानीय लोगों को रोजगार व ठेकेदारी के अवसर देने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले निर्माण कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्यों का आवंटन दोनों मंडलों में समान रूप से हो। बाहरी ठेकेदारों को काम मिलने से स्थानीय लोगों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 से 2025 के दौरान देहरादून यूनिट को आवंटित करीब 19 निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे नहीं हुए। इनमें बहादुर जट स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज, आईटीडीए भवन, मालदेवता स्थित गर्ल्स हॉस्टल और डोईवाला स्थित परीक्षा भवन के निर्माण कार्य शामिल हैं। दल ने श्रीनगर, हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और हरिद्वार सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए निर्माण कार्यों की लागत, गुणवत्ता, भुगतान और समयसीमा की जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।