उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में टीचर पर लगे यौन शोषण के आरोपों की जांच रिपोर्ट कार्यकारी परिषद में रखी जाएगी। विधिक राय के बाद यह तय किया गया है। कार्यकारी परिषद ही इस मामले पर आगे की कार्रवाई करेगी।
यूटीयू में एक टीचर पर तीन छात्राओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। छात्राओं का आरोप है कि टीचर उनके साथ द्विअर्थी बात करता था। एक छात्रा का आरोप है कि टीचर उन्हें घर पर पार्टी के लिए बुलाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विवि कुलपति डॉ. यूएस रावत ने जांच बैठा दी थी। जांच टीम ने बीते सप्ताह अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी थी। कुलपति ने इस पर विधिक राय ली है। कुलपति डॉ. रावत ने बताया कि अब यह मामला विवि की कार्यकारी परिषद में रखा जाएगा। परिषद की ओर से ही जांच रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई का फैसला लिया जाएगा।