खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के मामले में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर उत्तराखंड के बर्खास्त विधायक भी बहाल हो सकेंगे। शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में इसके लिए अपील दायर कर दी गई है।
शनिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की प्रेसवार्ता के दौरान चैंपियन ने बताया अरुणाचल प्रदेश के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वहां के राज्यपाल के निर्णय को गलत ठहराया है। जिसे आधार बनाकर शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी गई है।
विधायकों ने दायर की अपील
उत्तराखंड में जिन विधायकों को बर्खास्त किया गया है उन्होंने राज्यपाल के समक्ष पहले ही अविश्वास प्रस्ताव दे दिया था। ऐसे में अब उन्हें भी अरुणाचल प्रदेश के निर्णय के आधार पर सुप्रीम कोर्ट में न्याय मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा कार्यक्रम में इसलिए उपस्थित नहीं हो पाए हैं क्योंकि वे सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने के सिलसिले में दिल्ली गए हैं। दावा किया कि जल्द बर्खास्त विधायक बहाल होंगे।