बारिश ने बुझाई आग, पर अन्य जगहों पर आग लगने के हालात
पीपलकोटी क्षेत्र के रामचाड़ा के जंगलों में भड़की आग मंगलवार रात को हुई बारिश के बाद बुझ गई है। आग बुझने पर केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। बारिश ने भले ही राहत पहुंचा दी हो लेकिन आने वाले समय में अन्य जगहों पर भी हालात पीपलकोटी जैसे बने हुए हैं। इस बार बारिश और बर्फबारी कम होने से जंगलों में आग लगने की संभावनाएं अधिक हैं। बिरही चट्टान, घिंघराण, रौली, निजमुला घाटी, उर्गम, मंडल, फरस्वाण फाट आदि क्षेत्रों में बारिश कम होने से मौसम में नमी कम है, तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे घास सूख गई है।
पोखरी रोड पर चीड़ का जंगल होने के कारण यहां पीरुल सड़क के किनारे जमा है। जिससे यहां जंगलों में आग लगने की आशंका है। वहीं नंदानगर क्षेत्र में चीड़ के अधिक जंगल हैं और खड़ी चट्टानों पर पीरुल एकत्रित होने से आग भड़कने की आशंका है। वहीं केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ इंद्र सिंह नेगी का कहना है कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए 32 क्रू स्टेशन बनाए गए हैं। सभी क्रू स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।