डुंडा ब्लॉक के एक गांव में शुक्रवार को बालिका की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से लोगों का गुस्सा थमने को नहीं है। सोमवार को चिन्यालीसौड़ में छात्र संगठनों ने स्कूल, कॉलेज औैर व्यापारियों ने बाजार बंद कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। हालांकि जिला मुख्यालय सहित पुरोला, बड़कोट व नौगांव में दो दिन बाद बाजार खुल गए। चिन्यालीसौड़ में छात्र संगठनों और व्यापार मंडल ने विरोध प्रदर्शन के साथ एलान किया कि जब तक हत्यारों को नहीं पकड़ा जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बिरिजा इंटर कालेज, विद्या मंदिर, शिशु मंदिर, जीआईसी, डिग्री कालेज चिन्यालीसौड़ आदि शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों में बलवीर बिष्ट, अमित सकलानी, सुरजीत, दरमियान रावत, सुषमा नौटियाल, पूरण बिष्ट, राकेश मेहरा, सुभाष नौटियाल, शैलेंद्र भट्ट सहित कई शामिल थे।
छात्रों ने बंद कराया महाविद्यालय, कमांद में बंद रहा बाजार
उत्तरकाशी जिले के डुंडा क्षेत्र में नाबालिग बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के विरोध में सोमवार को बालगंगा महाविद्यालय के छात्रों ने महाविद्यालय बंद कराया और जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। लंबगांव में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जबकि नई टिहरी, बौराड़ी और चंबा में रविवार शाम कैंडल मार्च निकाला गया। कमांद में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
बालगंगा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन के बाद शोक सभा की और एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन में छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक राणा, प्रशांत जोशी, मनीषा, विनीता, अनिता, उदय नेगी, सुरेंद्र रतूड़ी, अमन दीप, अंजू पंवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। लंबगांव बाजार में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष केशव रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रोशन रांगड़, कैलाश पंवार, सचिन कुड़ियाल, विनोद पंवार, मुकेश रावत, राजीव पंवार, जसवीर बिष्ट, उदयवीर नेगी, सैन सिंह रौतेला आदि शामिल रहे।
नई टिहरी, बौराड़ी और चंबा में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश डियूंडी, बेबी असवाल, दर्शनी रावत, खेम सिंह चौहान, विजय लक्ष्मी थलवाल, शकुंतला नेगी, देवेंद्र नौडियाल, अमरीश पाल, कर्म सिंह तोपवाल व गंगा चमोली आदि उपस्थित रहे।
आरोपियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर किया पुतला दहन
उत्तरकाशी में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गोपेश्वर में विभिन्न संगठनों ने जुलूस-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने रविवार को देर शाम मशाल जुलूस भी निकाला।
सोमवार को एनएसयूआई और सोनिया ब्रिगेड से जुड़े कार्यकर्ता मुख्य बाजार में इकट्ठा हुए। एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन चतुरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की और सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर एनएसयूआई के अध्यक्ष संदीप नेगी, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप भंडारी, सोनिया यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश रुधिया, जिलाध्यक्ष लोकेंद्र रावत, दुर्गा प्रसाद मैठाणी, पंकज बिष्ट, सुधीर बिष्ट, योगेंद्र बिष्ट, अनूप नेगी, प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे। वहीं, चमोली बाजार में हुई विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की बैठक में उत्तरकाशी की घटना पर आक्रोश जताया गया। कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन भेजकर जिले में आ रहे बाहरी लोगों की जांच और सत्यापन की मांग उठाई। इस मौके पर विहिप के अध्यक्ष देवी प्रसाद देवली, गोरक्षा प्रमुख हरि प्रसाद, मंत्री राकेश चंद्र मैठाणी, बजरंग दल के विभाग संयोजक पवन सिंह राठौर और जितेंद्र कठैत आदि मौजूद थे।
उत्तरकाशी की घटना पर गढ़वाल विवि के छात्रों में बढ़ा आक्रोश
उत्तरकाशी की घटना के विरोध में सोमवार को गढ़वाल विवि के छात्रों ने राज्य सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर पुतला फूंका। छात्रों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उत्तरकाशी में नाबालिग की दुराचार के बाद हत्या की घटना से गढ़वाल विवि के छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आरोपियों के अभी तक गिरफ्तार न होने पर छात्रों में सरकार व पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश है। सोमवार को बिड़ला परिसर के छात्र हजारों की संख्या में विवि गेट पर एकत्र हुए। यहां छात्र-छात्राओं ने राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न किए जाने पर सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में रामप्रकाश रैम्स, प्रदीप पंवार, देवकांत देवराड़ी, प्रज्ञा वशिष्ठ, संदीप राणा, लवीश राणा, आयुष मियां आदि शामिल थे।