मुंबई में तीन दिवसीय आउट बांड ट्रेवल मार्ट (ओटीएम) में उत्तराखंड की ओर से तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन की खूबियां बताई जाएंगी। सोमवार को मालदीव के पर्यटन मंत्री डॉ. अब्दुल्ला मौसूम ने किया। ओटीएम का शुभारंभ किया। जो 16 मार्च तक चलेगा। इस मार्ट में पर्यटन विभाग समेत प्रदेश के 50 होटल कारोबारी भी भाग ले रहे हैं।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर निदेशक विवेक चौहान ने कहा कि ओटीएम भारत और एशिया के सबसे प्रभावशाली पर्यटन लीडर्स को एक मंच पर अपने विचारों का आदान-प्रदान करने का मौका देता है। इस तरह के मंच पर उत्तराखंड पर्यटन का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। पिछले दो साल में कोरोना प्रतिबंधों के चलते प्रदेश में चार धाम व हेमकुंड साहिब यात्रा का बड़े स्तर पर संचालन नहीं किया जा सका। लेकिन इस बार सभी स्थिति सामान्य होने पर उत्तराखंड चार धाम व हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम व हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। यात्रियों के लिए हेली सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा चार धाम व हेमकुंड साहिब में तीर्थयात्रियों के लिए रहने, खाने के साथ ही अन्य सभी सुविधाओं की व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में पर्यटन को सुचारु और सुखद बनाने के लिए ऑलवेदर रोड जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सड़क के नेटवर्क को मजबूत बनाया गया है। इससे पर्यटक व तीर्थयात्री सफल व सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक पर्यटन के लिए अनुकूल है। यही वजह है कि यहां रोमांच से भरपूर ट्रेकिंग, रीवर राफ्टिंग, पैरा ग्लाइडिंग, बंजी जंपिंग, स्कीइंग जैसे साहसिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए रोपवे पर्यटकों के लिए एक प्रदूषण मुक्त यातायात का प्रमुख साधन बन रहा है। रोपवे निर्माण के लिए सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, के साथ अनुबंध करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है।