डॉ. प्रवीन पंवार के अनुसार, लू और बहुत ज्यादा गर्मी से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसमें सांस लेने में परेशानी, मुंह सूखना, बेहोशी छाना जैसे लक्षण होते हैं। समय पर उपचार न मिलने पर यह बहुत ज्यादा नुकसान भी कर सकता है। इसके अलावा इन दिनों डिहाइड्रेशन भी बहुत ज्यादा होता है।
जल्दी थकान लगना, चक्कर आना, सिर दर्द या सिर भारी होना, गहरे पीले रंग का पेशाब आना, मुंह में सूखापन और चिड़चिड़ापन शरीर में पानी की कमी के लक्षण हैं। डिहाइड्रेशन होने से शरीर में इलेक्ट्रोल का संतुलन भी गड़बड़ा जाता है। इसके अलावा तेज गर्मी से त्वचा में रूखापन, लाल चकते व खुजलीदार दाने होने की समस्या भी होती है।
गर्मियों के दौरान सबसे ज्यादा जरूरी है कि शरीर में पानी और इलेक्ट्रॉल की कमी न हो, इसलिए लगातार और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। ताजे फलों का जूस, छाछ भी पीना अच्छा रहता है। इस समय गन्ने का जूस और नींबू पानी सबसे अच्छा है, क्योंकि इसमें काफी मात्रा में विटामिन और मिनरल्स भी होते हैं।
धूप के दौरान बाहर निकलने से बचें। बहुत ज्यादा जरूरी हो तो सिर और चेहरे को कवर करके निकलें। ज्यादा देर धूप में न रहें। गर्म हवा चलने पर तुरंत खुद का बचाव करें। ताजा और पौष्टिक भोजन करें। ताजे फल सब्जियां खाएं और जंक फूड व तला भुना खाने से बचें।