पिथौरागढ़ थल-मुनस्यारी सड़क 98 घंटे से बंद है। मार्ग बंद होने से पर्यटक परेशान हैं। यहां आने वाले पर्यटकों ने होटलों की बुकिंग रद्द कर दी है। क्षेत्र में भारी हिमपात के चलते थल-मुनस्यारी सड़क 98 घंटे से बंद है। लोनिवि ने बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगाई है, लेकिन कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है।
मुनस्यारी से स्नोकटर और रातापानी से कालामुनि के बीच जेसीबी लगाई गई है। कालामुनि, बेतुलीधार से बलांति बैंड के बीच सड़क बंद है। सड़क बंद होने से बड़ी संख्या में पर्यटकों ने होटलों की बुकिंग रद्द कर दी है। इससे होटल व्यवसायियों में भी निराशा है।
रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से लोग लकड़ी जलाकर खाना बनाने को विवश हैं। जिला खाद्य अधिकारी एमएस रावत का कहना है कि मदकोट से गैस सिलिंडरों की आपूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्युत विभाग ने तीन दिन बाद नगर में बिजली आपूर्ति तो सुचारु कर दी है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी अब भी अंधेरे में रात गुजार रही है। सरमोली, बर्नियागांव, दरकोट, सुरिंग, धापा, दुम्मर, हरकोट, चौना, पापड़ी, साईपोलू, बुई, पातो आदि गांवों में लोग बिजली नहीं होने से परेशान हैं।