बर्फबारी के बाद मौसम हुआ सुहावना
चमोली जनपद में मंगलवार को ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद आज बुधवार को सुबह से चटक धूप खिली हुई है। हेमकुंड साहिब के साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, ठंड भी बढ़ने लगी है।
बारिश-बर्फबारी के बावजूद केदारधाम में तीर्थ यात्रियों की भीड़
केदारनाथ धाम में मंगलवार को बारिश और ऊपरी चोटियों पर बर्फबारी के बावजूद तीर्थ यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर समिति व प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों के लिए अलाव, शेल्टर व गर्म पानी की व्यवस्था की है। बदरी-केदार मंदिर समिति(बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि रोजाना 18 से 20 हजार तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। सोमवार तक कुल 16,09,913( सोलह लाख नौ हजार नौ सौ तेरह) तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं। साढ़े 46 लाख से अधिक तीर्थयात्री चारधाम पहुंच गए हैं।
इनमें से सबसे अधिक तीर्थयात्री अभी तक केदारनाथ धाम के हैं। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा का मौसम के हिसाब से ख्याल रखा जा रहा है। मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह भी केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के बीच मौजूद हैं। निरंतर यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। अभी तक 15,24,798 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।