राजधानी में कई दिन बाद रविवार को खिली तेज धूप की वजह से दिन का तापमान 6.7 डिग्री उछल गया। हालांकि दोपहर बाद बादल छाने से कुछ राहत मिली।
शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 27.3 डिग्री था। वहीं, रविवार को सुबह से तेज धूप खिलने से गर्मी बढ़ गई। इससे राजधानी में तापमान भी बढ़ गया। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर 34 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार के मुकाबले तापमान में 6.7 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को भी दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, राजधानी में एक या दो दौर की बारिश भी हो सकती है।