मसूरी : सुबह निकली धूप, दोपहर बाद पड़े ओले
पहाड़ों की रानी मसूरी में छठे दिन मंगलवार को भी बारिश और ओलावृष्टि हुई। पर्यटन स्थल बुरांशखंडा में सुबह हल्की बर्फबारी हुई। इससे पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने बुरांशखंडा पहुंचकर जमकर बर्फ का लुत्फ उठाया। वहीं बर्फबारी की वजह से कई जगह जाम की स्थिति रही।
मसूरी शहर में मंगलवार सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बिगड़ गया और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। शाम को झमाझम बारिश शुरू हो गई। चार दुकान के पर्यटन व्यवसायी विपिन प्रकाश ने बताया कि ओले ज्यादा देर तक जमीन पर टिक नहीं पाए। हालांकि सर्दी का सितम लगातार जारी है।
वहीं बुरांशखंडा में पिछले चार दिनों से रुक रुककर बारिश और बर्फबारी हो रही है। इससे जन जीवन अस्त-व्यस्त है। लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हैं। बर्फ की वजह से कई मार्गों पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। सुवाखोली निवासी जयपाल सिंह भंडारी ने बताया कि कोटली के पास वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है।
बर्फ की वजह से वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। इससे सुवाखोली और बुरांशखंडा के बीच बार-बार जाम लग रहा है। क्षेत्र में बार बार बिजली गुल होने की समस्या बरकरार है। थत्यूड़ थानाध्यक्ष मनीष नेगी ने बताया कि सुवाखोली और बुरांशखंडा के बीच काफी बर्फ है। इधर से वाहनों को ले जाना जोखिम भरा है। बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है।
यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह बंद होने से परिवहन हो रहा बाधित
यमुनोत्री क्षेत्र मे बर्फबारी व बारिश थमने का नाम नही ले रही है, जिसके कारण यमुनोत्री हाईवे जगह जगह बंद होने से आवाजाही ठप हो रखी है। बारिश व बर्फबारी के चलते हाईवे को सुचारु करने में दिक्कत आ रही है। इससे यमुनोत्री क्षेत्र से लगे गीठ पट्टी के दर्जनभर गांवों केग्रामीण घरों मे कैद हुए हैं।
लोगों को आवश्यक सामान के लिए आठ-दस किमी बर्फ में पैदल चलना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्यारे लाल उनियाल व चैन सिह रावत ने बताया कि हाईवे बंद रहने से काफी परेशानी हो रही है लोग कंधो मे सामान ढोने को मजबूर है।