चमोली के कई क्षेत्रों में शुक्रवार रात हुई बारिश से काश्तकारों को बड़ी राहत मिली है। वहीं उमस और गर्मी से भी लोगों को कुछ राहत मिली है। कई दिन से बारिश नहीं होने से जिले के अधिकांश इलाकों में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं।
क्षेत्र में सूखे के हालात बनने लग गए थे
वहीं बारिश के बिना लोगों की फसल पर भी असर पड़ रहा है। क्षेत्र में सूखे के हालात बनने लग गए थे, लेकिन शुक्रवार रात को तेज बारिश हो गई। इससे फसल के लिए चिंतित काश्तकारों को बड़ी राहत मिली है। धान, मंडुवा और दलहन की फसलों को बारिश से काफी लाभ मिलेगा। वहीं रात को बारिश होने से शनिवार पूरे दिन गर्मी और उमस पहले के मुकाबले कम रही।
मलबे से 10 घंटे बाधित रहा पंजिया बंनसार मोटर मार्ग
साहिया में शंभू की चौकी पंजिया-बंनसार मोटर मार्ग और हईया-अलसी-सकनी-कनबुआ मोटर मार्ग पर भारी मलबा आने से यहां सड़क 10 घंटे बाधित रही। मोटर मार्ग पर आए मलबे के कारण सबसे ज्यादा परेशानी किसानों व बीमार लोगों को हुई।
शुक्रवार की रात हुई भारी बारिश से दोनों मोटर मार्ग पर रात करीब साढ़े 11 बजे बारिश के चलते मलबा आ गया था। लोनिवि समय से जेसीबी नहीं भेज पाया। इसके बाद कुछ लोगों ने स्वयं ही मलबा हटाने का प्रयास किया। सुबह करीब 10 घंटे बाद मलबा हटाने पर मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोला जा सका।