कुमाऊं मंडल के अधिकतर इलाकों में कई घंटों से लगातार बारिश जारी है। नैनीताल में मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक बारिश जारी रही। पंतनगर में रात दो बजे से आज सुबह तक बारिश जारी रही। रुद्रपुर, अल्मोड़ा, भवाली, भीमताल, काशीपुर, ज्योलीकोट, लोहाघाट, पिथौरागढ़, जसपुर, रानीखेत, बाजपुर सहित अधिकतर इलाकों में मंगलवार से रुक-रुक कर बारिश जारी है।
राजधानी देहरादून में भी मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह तक रुक-रुक कर बारिश जारी रही। हालांकि सुबह बारिश का दौर थम गया। चीन सीमा को जोड़ने वाली पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तवाघाट सड़क और तवाघाट सोबला सड़क बंद हो गई है।
वहीं मूसलाधार बारिश से पिथौरागढ़ घाट आलवेदर सड़क में दिल्ली बैंड के पास मलबा आ गया है। बारिश के वजह से पिथौरागढ़ जिले की करीब 10 सड़क बंद पड़ी हैं। हल्द्वानी में गौला का जलस्तर बढऩे से शीशमहल ट्रीटमेंट प्लांट की पेयजल सप्लाई ठप हो गई है। शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित है।
पहाड़ों पर हो रही तेज बारिश से हल्द्वानी की गौला नदी उफान पर है। जिस कारण गौला पुल के पास भूमि का कटाव हो रहा है। यहां लोगों की भीड़ लगी हुई है। सूचना पर एसडीएम विवेक राय ने मौका मुआयना किया।