इधर, कोरोना को लेकर अभी तक स्थितियां सामान्य नहीं हुई हैं। इसे देखते हुए अब मंदिर प्रबंधन समिति (ट्रस्ट) ने इस साल मेले का आयोजन रद्द करने का फैसला किया है। जागेश्वर धाम मंदिर प्रबंधन समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट ने बताया कि इस साल मेले का आयोजन नहीं होगा । प्रबंधक ने बताया कि श्रावण माह में कितने श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी और बाहरी जिलों से आने वाले लोगों को अनुमति मिलेगी या नहीं इस बारे में दो-तीन दिन में फैसला लिया जाएगा।
सावन के महीने में शिवार्चन (पार्थिव पूजन) और रुद्री आदि का काफी महत्व माना जाता है। लेकिन मेला स्थगित होने और साथ ही केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक मंदिर परिसर में शिवार्चन आदि नहीं हो सकेंगे। मंदिर प्रबंधन ने देश भर के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन शिवार्चन और अन्य पूजा कराने की व्यवस्था की है। प्रबंधक भगवान भट्ट ने बताया कि इसके लिए श्रद्धालु जागेश्वर धाम के पुजारियों को परंपरा के मुताबिक संकल्प भेंट करके शिर्वाचन करा सकते हैं। इसके लिए श्रद्धालु जागेश्वर धाम के प्रबंधक भगवान भट्ट के मोबाइल नंबर 9760677235 पर भी संपर्क कर सकते हैं।