Uttarakhand Weather Update: 18 और 19 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
भले ही उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है लेकिन इसका तापमान पर खास असर देखने को नहीं मिलेगा। खासकर मैदानी इलाकों में चटक धूप खिलने से पारा सामान्य से ऊपर ही रहने की संभावना है।
विज्ञापन
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि, 18 और 19 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
खासकर प्रदेश के तीन हजार से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावना है। इसके बाद 20 से 22 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, सोमवार के तापमान की बात करें ताे मैदान से लेकर पहाड़ तक खिली चटक धूप ने गर्मी का अहसास कराया।
आंकड़ों पर नजर डालें तो दिन में दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य इलाकों भी हाल कुछ ऐसा ही रहा।