अपने-अपने नेता को मजबूत दिखाने की होड़
रैली के दौरान वरिष्ठ नेताओं के अपने-अपने दल बन गए। कार्यकर्ताओं में कांग्रेस एक की भावना कम लेकिन अपने-अपने नेता को चमकाने की भावना अधिक नजर आई। कोई किसी विधायक की जय करता दिखा तो कोई कुमाऊं, हरिद्वार, चकराता की तरफ के नेताओं की। कांग्रेस जिंदाबाद से ज्यादा यहां पर कांग्रेसी अपने-अपने नेता की जय-जयकार में लगे थे। परेड ग्राउंड से रैली विभिन्न दलों में बंटकर चली। इसी तरह अलग-अलग इलाकों से आए लोग अपने-अपने नेता के नेतृत्व में रैली का हिस्सा बने।
काम नहीं आया डायवर्जन, लगा भीषण जाम
कांग्रेस की रैली के चलते शहर के कई हिस्सों में जाम रहा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस सुबह से ही जुटी रही। पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान भी बनाया था लेकिन इसके बाद भी प्रिंस चौक से लेकर घंटाघर और राजपुर रोड पर भारी जाम लगा रहा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का दिखा अलग अंदाज, स्कूटर पर पहुंचे
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने अलग अंदाज में दिखे। उन्होंने पैदल या गाड़ी का सहारा नहीं लिया। वह स्कूटर पर सवार हो गए। स्कूटर की पिछली सीट पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री ने सबका अभिवादन स्वीकार किया और अपने अंदाज में मुस्कुराते हुए हाथीबड़कला पहुंचे।