लगातार हो रही बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे के कई स्थानों पर लगातार बोल्डर व मलबा गिरने से रविवार को करीब पांच घंटे यातायात ठप रहा। इस दौरान पुलिस ने ऋषिकेश और श्रीनगर से आने जाने वाले वाहनों को मलेथा-टिहरी व देवप्रयाग-गजा-नरेंद्रनगर-ऋषिकेश मोटर मार्ग पर डायवर्ट कर दिया।
दो दिनों से क्षेत्र में हुई बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे के कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को पुलिस ने देवप्रयाग और कौडियाला के मध्य फंसे तीर्थयात्रियों को काफी मशक्त के बाद ऋषिकेश पहुंचाया लेकिन रविवार सुबह पांच बजे तोताघाटी के पास मार्ग पर भारी बोल्डर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस दौरान तीनधारा, शिवमूर्ति, सौड़पानी, महादेव चट्टी आदि कई स्थानों पर भी मलबा और पत्थर गिरने शुरू हो गए।
थाना प्रभारी देवप्रयाग देवराज शर्मा ने बताया कि दो दिनों से भारी बारिश के कारण मार्ग पर मलबा और बोल्डर गिरने से मार्ग बारबार अवरुद्ध हो रहा है। रविवार सुबह मार्ग तोताघाटी के समीप अवरुद्ध हो गया, जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को मलेथा टिहरी व देवप्रयाग-गजा-ऋषिकेश मोटर मार्ग पर डायवर्ड करना पड़ा। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है।