अचानक बढ़े तापमान से दूर हुए गर्म कपड़े
अचानक बढ़े तापमान ने लोगों को गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है। स्थिति यह है कि लोग दिनभर हल्के कपड़ों में घूम रहे हैं। रात में भी लोग कम गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं। फरवरी के दूसरे सप्ताह तक मौसम में ठंडक बरकरार थी, जिससे धर्मनगरी के लोगों को दिनभर गर्म कपड़ों का प्रयोग करना पड़ रहा था। रात के समय में तो सर्दी के प्रकोप से बचने के लिए लोगों को भारी-भरकम गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे थे।
15 फरवरी को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन अगले ही दिन मौसम ने करवट बदली। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ढाई से तीन डिग्री का ताप बढ़ गया। अधिकतम तापमान 27.5 व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया था। अचानक मौसम में हुए बदलाव ने रविवार को दोपहर में गर्मी और बढ़ा दी।