सर्द होंगी रातें
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24 जनवरी से दिन के बजाए रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अगले दो-तीन दिन में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा दिन के समय 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार है।
कल भी हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार
24 जनवरी को भी हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। खासकर 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावना है।
आशारोड़ी में हुई सबसे ज्यादा बारिश
सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। आंकड़ों पर नजर डाले तो दून में सबसे ज्यादा बारिश आशारोड़ी में दर्ज की गई। यहां 23.5 एमएम बारिश हुई। जबकि नंदा की चौकी में 22.5, मोहकमपुर में 17.0 और हाथीबड़कला में 11.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक जिले भर की बारिश की बात करें तो यहां 17.1 एमएम बारिश दर्ज की गई।