मौसम विभाग ने आज देहरादून सहित राज्य के कई जिलों में हल्की से माध्यम होने की संभावना जताई थी। जो बिल्कुल सटीक बैठी। कुमाऊं के कई इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। वहीं राजधानी देहरादून की बात करें तो दोपहर बाद यहां भी बारिश शुरू हो गई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। हल्द्वानी, रुद्रपुर, बागेश्वर, नैनीताल, भवाली, पिथौरागढ़ में भी रुक-रुक कर बारिश जारी है।
देहरादून दून समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में चट्टान से बोल्डर और मलबा गिरने के कारण सुबह सात से नौ बजे तक वाहनों की आवाजाही रोकी गई थी, अभी हाईवे सुचारु है। चमोली जिले में छह ग्रामीण सड़कें मलबा आने से बाधित हैं। जिले में मौसम सामान्य बना हुआ है। हल्की धूप खिली है।
पिथौरागढ़ आपदा के बाद खतरे में मुनस्यारी का धापा गांव, खौफ में ग्रामीणों ने गुफा में बिताई रात
मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार को पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर और देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत, उधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। हरिद्वार जिले में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
टिहरी जिले के 12 ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद
बीती रात टिहरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से 12 ग्रामीण सड़क बंद हो गई हैं। हालांकि सड़क खोलने के लिए लोनिवि, पीएमजीएसवाई ने जेसीबी लगा दी है, लेकिन दिनभर रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण सड़क से मलबा और बोल्डर हटाने में दिक्कत आ रही है। जिला आपदा कंट्रोल रूम ने बताया कि बंद चल रही सभी सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है।