ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के कारण झूलती चट्टानें परेशानी का सबब बनी है। भारी बारिश के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर कोड़िया में चट्टान टूटने से साढ़े आठ घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। बृहस्पतिवार सुबह हाईवे सुचारु हो पाया, जिसके बाद सवारियों ने राहत की सांस ली।
कोड़िया में हाईवे पर झूलती चट्टानें परेशानी का सबब बनी हैं। बारिश होने पर मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ रहे हैं। बुधवार रात को करीब दो बजे बारिश के बीच यहां चट्टान का एक हिस्सा टूटने से भारी मात्रा में मलबा और चट्टान हाईवे पर आ गई, जिससे हाईवे बंद हो गया। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे एनएच को हाईवे बंद होने की सूचना मिली, जिसके बाद मलबा हटाने के लिए तीन जेसीबी लगाई गई। मलबे को ट्रकों के जरिए डंपिंग जोन में डाला गया।
इस दौरान यहां वाहनों का जाम लग गया जिससे लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े दस बजे हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया गया। पीपलकोटी के नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल ने कहा कि बरसात निपटने के बाद एनएच को कोड़िया में हिल साइट लटकी चट्टानों को हटाने की मांग की, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें न हों। इधर, एनएच के सहायक अभियंता शशिकांत का कहना है कि कोड़िया में हाईवे को सुचारु कर दिया गया है। हाईवे के भूस्खलन क्षेत्रों में मशीनरी व मेन पावर की तैनाती की गई है।