प्रदेश में 21 मई के बाद गर्मी बढ़ने के आसार हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने हुए हैं। अगले कुछ दिन तक ज्यादातर स्थानों पर मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। 21 मई के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री तक अधिक हो सकता है। इससे दिन के साथ रात की गर्मी भी बढ़ जाएगी।
राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शनिवार 2020 का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। राजधानी दून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार हो गया। इस साल अब तक केवल दो बार तापमान 35 डिग्री से ज्यादा हुआ है। अगले कुछ दिनों में राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में और इजाफा हो सकता है।
उत्तराखंड में पिछले हफ्तों के दौरान गाहे-बगाहे होने वाली बारिश के चलते तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ था। अप्रैल माह में तापमान काफी कम रहा। मई के शुरूआती पखवाड़े में भी तापमान कम रहे लेकिन पिछले दो दिनों से इसमें अच्छा खासा उछाल आया है।
शुक्रवार को पहली बार अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार हुआ था। शनिवार को यह 36 डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया। मौसम केंद्र के अनुसार यह अब तक वर्ष 2020 का सबसे गर्म दिन रहा। दिन में तेज धूप खिली रहने से लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ा। दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने से लोगों को ज्यादा परेशानी हुई।