मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जैसे जिलों में कई दौर की भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के पर्वतीय इलाकों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। वहीं, देर शाम देहरादून में मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में तेज बौछारों के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में कई दौर की बारिश की संभावना है। बुधवार को राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे, कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
उफनाए कुलागाड़ नाले को पार करते समय बही महिला
रांथी निवासी एक महिला कुलागाड़ नाले को पार करते समय बह गई। अभी तक उसका सुराग नहीं लग पाया है। लगातार हो रही बारिश के कारण इन दिनों कुलागाड़ का जलस्तर बढ़ गया है। रांथी गांव निवासी 20 वर्षीय संगीता धामी 22 सितंबर को पति देवेंद्र सिंह के साथ जुम्मा से रांथी की ओर आ रही थी। कुलागाड़ को पार करते समय वह नाले में गिर गई। बहाव तेज होने के कारण उसका पता नहीं चल पाया है। तहसीलदार अबरार अहमद ने बताया कि बुधवार देर रात 10 बजे कुलागाड़ नाले में महिला के बहने की सूचना मिली। बृहस्पतिवार को हेलिकॉप्टर से राजस्व उपनिरीक्षक हुकुम धामी, एसडीआरफ के सब इंस्पेक्टर मनोहर कन्याल की टीम को खोजबीन के लिए भेजा गया। टीम लापता महिला की लगातार खोजबीन कर रही है लेकिन अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह धामी ने बताया कि महिला अपने मायके जुम्मा तोक जामुनी से अपने पति देवेंद्र के साथ अपने ससुराल आ रही थी तभी ये घटना हुई है।