भूस्खलन और मलबा आने से रविवार को नंदप्रयाग और पागलनाला में बदरीनाथ हाईवे करीब एक घंटे तक बाधित रहा। यहां एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। इन दिनों जिले में रात के समय हो रही बारिश से हाईवे जगह-जगह बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
पागलनाला, खचरा नाला और लामबगड़ नाले में बार-बार हाईवे बाधित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही सेना के वाहनों को आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। नंदप्रयाग क्षेत्र में ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत कई जगहों पर हिल साइड पुश्ता निर्माण कार्य आधा-अधूरा पड़ा है, जिससे यहां बार-बार पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है।
नंदप्रयाग में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पहाड़ी से अचानक मलबे के साथ चीड़ के पेड़ गिरकर हाईवे पर आ गए। सूचना मिलने पर एनएच की जेसीबी मौके पर पहुंची और मलबा और पेड़ों को हटाया गया। करीब एक घंटे बाद शाम साढ़े पांच बजे यहां वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। वहीं, पागलनाला में भी सुबह सात से आठ बजे तक मलबा आने से हाईवे बाधित रहा।