श्रीनगर व रुद्रप्रयाग में झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। चमोली जिले में सुबह पांच बजे से रिमझिम बारिश अभी भी जारी है। बदरीनाथ हाईवे सुबह पांच से आठ बजे तक क्षेत्रपाल में मलबा आने से बंद रहा।
अभी माणा गांव तक हाईवे सुचारु है। भारी बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो सौ पैदल मार्ग और सात संपर्क मोटर मार्ग बंद पड़े हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बदरीनाथ हाईवे बुधवार को क्षेत्रपाल में मलबा और बोल्डर आने से करीब दस घंटे तक बंद रहा, जिससे बदरीनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रपाल में बदरीनाथ हाईवे खस्ताहालत में है। यहां खेत और चट्टान से रुक-रुककर भूस्खलन हो रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है।