फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, मैदानी इलाकों में छाए बादल, केदारनाथ और बद्रीनाथ में हुई बर्फबारी

Sun, 03 Mar 2019 10:04 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
snowfall/uttarakhand
विज्ञापन

मार्च का महीना शुरू हो गया है, लेकिन सर्दी है की जाने का नाम नहीं ले रही है। आज तड़के से ही उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे। वहीं रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई। दोपहर बार देहरादून में बूंदाबांदी शुरु हुई जो शाम तक जारी रही। कहीं कहीं यहां तेज बारिश भी हुई।

विज्ञापन


शनिवार को सुबह से राजधानी देहरादून वह आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। चमोली जिले में शनिवार को फिर मौसम ने करवट बदली। बद्रीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, रुद्रनाथ, लाल माटी, पनार बुग्याल, गौरसों बुग्याल, औली, कांचुलाखर्च के साथ ही नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम में आए परिवर्तन से ठंड भी बढ़ गई है। जिले में सुबह और शाम शीतलहर चल रही हैं। यदि मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहा तो देर रात से निचले क्षेत्रों में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

श्रीनगर, यमुनोत्रीघाटी और रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक घने बादल छाए रहे। हरिद्वार में भी सुबह से मौसम खराब रहा, घने बादल छाए रहे। यहां भी ठंड बढ़ गई है। कुमाऊं में भवाली, गागर, मुकतेश्वर, धानाचूली, रामगढ़ बादलों से घिरे हैं। यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। गागर, मुकतेश्वर और धानाचूली में बर्फबारी और ओलावृष्टी होने की संभावना है। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। हिमपात के कारण सीमांत क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।  निचले इलाकों में कई जगह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानि कि मंगलवार तक बारिश की संभावना जताई है, मुनस्यारी सड़क चौथे दिन हल्के वाहनों के लिए खुल गया है।

विज्ञापन

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में हुआ हिमपात

उत्तरकाशी में शनिवार सुबह से ही जिले की निचली घाटियों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में हिमपात शुरू हो गया है। मौसम में आए इस बदलाव से हिमाच्छादित क्षेत्रों में बने परीक्षा केंद्रों के बोर्ड परीक्षार्थियों के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी है।

इस बार सर्दियों में बीते 21 जनवरी से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार शाम करीब पांच बजे से जिले की निचली घाटियों में हल्की बूंदाबांदी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के साथ ही गंगा घाटी में उपला टकनौर, यमुना घाटी में गीठ वजरी पट्टी व मोरी प्रखंड में हरकीदून घाटी में हिमपात हो रहा है। बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई है। शनिवार को जिला मुख्यालय पर अधिकतम तापमान 15 डिग्री व न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

शनिवार को बारिश-बर्फबारी का सिलसिला फिर शुरू होने व मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिन तक इसके जारी रहने के पूर्वानुमान ने बोर्ड परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। हिमाच्छादित क्षेत्रों में बने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए छात्र-छात्राओं को बर्फ से ढकी पगडंडियां लांघने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। डीएम डा. आशीष चौहान ने संबंधित एसडीएम एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बोर्ड परीक्षार्थियों की सहूलियत का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

केदारनाथ, मद्महेश्वर व तुंगनाथ में दिनभर हुई बर्फबारी 

केदारनाथ सहित द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ सहित चोपता, दुगलबिट्टा, बनियाकुंड सहित जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर हिमपात होता रहा। जबकि निचले इलाकों में घने बादल छाए रहे। मौसम के बिगड़े मिजाज से ठंड पुन: लौट आई है। 

दो दिन के सुहावने मौसम के बाद शनिवार तड़के से ही केदारनाथ में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो पूरे दिन जारी रही। इस दौरान धाम में करीब आधा फीट नई बर्फ जम चुकी है। जबकि पहले से 16 फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। यहां अधिकतम तापमान 9 और न्यूनतम माइनस 3 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग भी जंगलचट्टी से धाम तक 6 से 14 फीट तक बर्फ मौजूद होने के कारण आवाजाही ठप है।

धाम में बीते 21 जनवरी से बिजली, पानी की सप्लाई ठप है। जबकि बीते दस दिन से यहां भारत संचार निगम की मोबाइल सेवा भी बंद पड़ी हुई है। इधर, मद्महेश्वर व तुंगनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। जबकि जिला मुख्यालयय सहित निचले इलाकों में घने बादल छाए रहने से ठंड का प्रकोप बना रहा।

आज रात से तीन जिलों में बारिश की चेतावनी

प्रदेश के तीन जिलों में आज रात से बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ इलाकों में ओले गिरने का भी अनुमान है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार रात से अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के अन्य स्थानों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 
विज्ञापन

ऊंची चोटियों में हुआ हिमपात, चौथे दिन हल्के वाहनों के लिए खुला थल-मुनस्यारी मार्ग

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। हिमपात के कारण सीमांत क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी सड़क चौथे दिन हल्के वाहनों के लिए खुल गया है। 

सुबह से ही तेज हवाओं का दौर चलता रहा। मुनस्यारी के हंसलिंग, खलियाटॉप, पंचाचूली, नामिक क्षेत्र में शनिवार को दिनभर बर्फबारी होती रही। निचले इलाकों में कई जगह हल्की बारिश हुई। बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानि कि मंगलवार तक बारिश का अंदेशा जताया है। 

थल मुनस्यारी मोटर मार्ग बीते बुधवार को भारी हिमपात के कारण बंद हो गया था। लोनिवि ने स्नो कटर लगाकर सड़क से बर्फ हटवाई। शनिवार को शाम चार बजे हल्के वाहनों के लिए सड़क खुल गई है। सड़क में अब भी जोखिम बना हुआ है। सड़क में वाहनों के पास लेने के लिए जगह नहीं बन पाई है। सड़क के किनारे बर्फ पटी पड़ी है। सड़क किनारे से बर्फ हटने के बाद ही भारी वाहनों का संचालन हो पाएगा। आने वाले दिनों में बर्फबारी और बारिश की संभावना के चलते लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें