प्रदेश में 262 सड़कें बंद
प्रदेश में दो दिन लगातार हुई भारी बारिश के चलते मलबा और बोल्डर आने से 16 राज्य मार्ग सहित कुल 262 सड़कें बंद हैं। जिन्हें संबंधित एजेंसियों की ओर से खोला जा रहा है। सड़कों को खोलने के काम में 255 मशीन लगी हैं। वहीं कई गांवों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।
सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, सोमवार को लोक निर्माण विभाग की कुल 104 सड़कें मलबा आने से बंद हुईं। जबकि 94 सड़कें एक दिन पहले से बंद थीं। कुल 199 बंद सड़कों में 63 को सोमवार को खोल दिया गया है। 136 सड़कें अब भी बंद हैं। इनमें 16 राज्य मार्ग, 10 मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग और 108 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा सोमवार को पीएमजीएसवाई की 14 सड़कें बंद हुईं, जबकि 133 पहले से बंद थीं। कुल 147 में से सोमवार को 21 को खोल दिया गया। 126 बंद सड़कों केे खोलने की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक जेसीबी मशीन, राज्य मार्गों पर 19, मुख्य जिला मार्गों पर नौ, अन्य जिला मार्गों पर और ग्रामीण मार्गों पर 93, कुल 124 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। वहीं पीएमजीएसवाई की सड़कों को खोलने के लिए 131 मशीन लगी हैं।
कंट्रोल रूम के अनुसार, ऊर्जा विभाग के अंतर्गत राज्य के अधिकतर जिलों में विद्युत आपूर्ति सुचारू है। एक दिन पहले हुई भारी बारिश के चलते पिथौरागढ़ के 12 गांवों में आपूर्ति बाधित चल रही है। इससे पहले राज्य में कुल 67 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित थी, इसमें से 55 गांवों की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।