सुबह के कोहरे ने बढ़ाई ठंड, धूप से मिली राहत
एक दिन पहले तेज धूप निकलने के बाद बृहस्पतिवार को सुबह कई इलाकों ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। सुबह तेज कोहरे से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहीं, कोहरा ज्यादा होने से इसका असर यातायात पर भी पड़ा।
कोहरे के चलते वाहन सड़कों पर रेंग-रेंगकर चलते दिखाई दिए। फरवरी शुरू होने के बावजूद कई दिन से बिगड़े मौसम में सुधार नहीं आ रहा है। करीब चार दिन पहले हुई बारिश के बाद मौसम में एक बार फिर ठंडक लौट आई है।
एक दिन पहले निकली तेज धूप से लोगों को लगा था कि अब मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह सड़कों पर घरा कोहरा छाया रहा। इसके चलते सुबह की सैर के लिए निकले लोगों को कुछ ही दूरी से लौटना पड़ा।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कोहरे के बीच ठंड का सामना करना पड़ा। सड़कों पर कोहरा ज्यादा होने से रोडवेज बसों संग ही स्कूली बसें और अन्य वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़े। करीब 11 बजे कोहरा छंटना शुरू हुआ।